BREAKING NEWS

logo

डीसी ने आईएमसीआर और बाबा मंदिर क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को सेवा भाव से ड्यूटी करने का निर्देश


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने शनिवार को मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा भी मौजूद थे।

उपायुक्त ने नेहरू पार्क, बाबा मंदिर प्रांगण, शिवगंगा और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

उपायुक्त विशेष रूप से इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम आईएमसीआर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र की निगरानी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस #AI तकनीक का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। तकनीक के माध्यम से भीड़ के घनत्व, रूट लाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके।

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने बाबा मंदिर और आसपास के पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि स्वच्छता में कोई शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। मेला क्षेत्र को 24 घंटे स्वच्छ रखने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की रोटेशन पर तैनाती और कचरा निस्तारण की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेला ड्यूटी में तैनात सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा, "देवघर आने वाले सभी शिवभक्त हमारे लिए देवतुल्य हैं। प्रशासन का हर अंग सेवा भाव और पूर्ण संवेदनशीलता के साथ उनका सहयोग करे।"

उपायुक्त ने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों का व्यवहार ऐसा हो जिससे कांवरियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।

प्रशासन का फोकस अब भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है।