इग्नू: सत्र जुलाई-2026, नामांकन और पुनर्पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त तक बढ़ी, बिना विलंब शुल्क करें आवेदन
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा जुलाई-2026 सत्र के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में ऑनलाइन नामांकन व पुनर्पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है। इच्छुक अभ्यर्थी बिना विलंब शुल्क के इस तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देवघर के क्षेत्रीय निदेशक (प्र.) अरविंद मंनोज कुमार सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट https://ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं।
इग्नू में विद्यार्थियों के लिए दो मोड उपलब्ध हैं:
1. ऑनलाइन (OL) मोड - इसमें छात्रों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री मिलेगी और सत्रीय कार्य भी ऑनलाइन जमा करना होगा।
2. ओडीएल (ODL) मोड - मुक्त व दूरस्थ मोड। इसमें सत्रीय कार्य अपने अध्ययन केंद्र में जमा किए जा सकते हैं।
ऑनलाइन माध्यम चुनने वाले छात्रों को मुद्रित अध्ययन सामग्री की जगह ऑनलाइन सामग्री मिलेगी और कार्यक्रम शुल्क में 15% तक की छूट भी दी जाएगी।
इग्नू में नामांकित स्नातक, स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ वर्ष के छात्रों के लिए भी पुनर्पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 तय की गई है।
अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (SC/ST) के छात्रों के लिए बीए, बीकॉम और बीएससी कार्यक्रमों में निशुल्क नामांकन का प्रावधान है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देवघर से संपर्क कर सकते हैं या rcdeoghar@ignou.ac.in पर ई-मेल भेज सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से आवेदन से पहले दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।





