BREAKING NEWS

logo

सावन में इनर व्हील क्लब की पहल, जीवनधारा प्रोजेक्ट के तहत हर माह 01 डायलिसिस मरीज को मिलेगी आर्थिक मदद


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर ने 'जीवनधारा प्रोजेक्ट' को वर्षभर संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब प्रत्येक माह की पहली तारीख को एक जरूरतमंद डायलिस मरीज को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

क्लब ने 01 से 07 जुलाई तक लगातार सात दिनों तक सात जरूरतमंद डायलिस मरीजों को सहयोग दिया था। इस सेवा कार्य को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया से प्रेरित होकर क्लब ने इसे नियमित अभियान के रूप में जारी रखने का संकल्प लिया है।

इसी क्रम में शनिवार को सावन के पावन माह में सदर अस्पताल, देवघर स्थित रेड क्रॉस बिल्डिंग में 'डायलिसिस पेशेंट सपोर्ट प्रोग्राम' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक जरूरतमंद डायलिसिस मरीज को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस माह की प्रायोजक क्लब की कोषाध्यक्ष मिनी चंद्रप्रभा रहीं, जिन्होंने मरीज के उपचार हेतु सहयोग राशि दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता देवघर इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष डॉ. ममता किरण ने की। उन्होंने कहा कि डायलिसिस मरीजों को लंबे समय तक नियमित उपचार की जरूरत होती है, जिससे परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। इनर व्हील क्लब का उद्देश्य ऐसे जरूरतमंदों को निरंतर सहयोग देकर उनका जीवन आसान बनाना है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की।

इस अवसर पर क्लब की उपाध्यक्ष कंचन मूर्ति साह, मीडिया प्रभारी सुषमा रानी सहित क्लब की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।