BREAKING NEWS

logo

पालोजोरी: एमएस बेनीडीह के प्रभारी प्रधानाध्यापक परेश चंद्र राय सेवानिवृत्त, भावुक माहौल में हुआ फेयरवेल


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पालोजोरी (देवघर) : प्रखंड के मध्य विद्यालय बेनीडीह में पदस्थापित सहायक शिक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक परेश चंद्र राय शुक्रवार, 31 जुलाई को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर प्रखंड कार्यालय के सभागार में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीडीओ पार्थ नंदन उपस्थित थे। बीईओ अमिताभ झा, बीपीओ नारायण मंडल, बच्चन प्रसाद सिंह, प्रखंड एवं अंचल के कर्मी, विभिन्न शिक्षक संघों के पदाधिकारी और पालोजोरी के दर्जनों स्कूलों के शिक्षक भी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के स्वागत गान से हुई।

सेवानिवृत्त शिक्षक परेश चंद्र राय कार्यक्रम में पत्नी उज्ज्वला देवी, पुत्र विकास कुमार, पुत्रवधू और पोती सहित पूरे परिवार के साथ पहुंचे। उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ और पौधा देकर सम्मानित किया गया।

बीडीओ पार्थ नंदन ने कहा कि परेश चंद्र राय की प्रतिनियुक्ति निर्वाचन कोषांग में भी रही। एसआईआर कार्य के दौरान उनकी कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली से काफी कुछ सीखने को मिला।  
बीईईओ अमिताभ झा ने कहा कि शिक्षा विभाग को परेश चंद्र राय की कमी महसूस होगी। बीपीओ नारायण मंडल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ उन्हें विभागीय कार्यों की भी गहन जानकारी थी और जरूरत पड़ने पर वे मार्गदर्शन भी देते थे।

अपने विदाई भाषण में भावुक हुए परेश चंद्र राय ने कहा कि सरकारी सेवा में सबों से जो प्रेम और स्नेह मिला, उसे कभी नहीं भूल सकता। पदस्थापन, स्थानांतरण और सेवानिवृत्ति एक सतत प्रक्रिया है। लेकिन एक शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। आगे भी मैं बच्चों और स्कूल से जुड़ा रहूंगा और जरूरत पड़ने पर स्कूल आता रहूंगा।

उल्लेखनीय है कि परेश चंद्र राय ने 28 फरवरी 2004 को अपने गांव बेनीडीह स्थित एमएस बेनीडीह में योगदान दिया था और पूरे कार्यकाल में इसी स्कूल में सेवा दी।

कार्यक्रम में बीपीआरओ सुभाष राय, झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बसंत ठाकुर, आल इंडिया टीचर फेडरेशन के राजेश मिश्रा, देवकांत मंडल, विकास उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद थे।