श्रावणी मेला-2026: 04 अगस्त से शुरू होगी किफायती हेलीकॉप्टर सेवा, देवघर से बासुकीनाथ का किराया 4500 रुपए
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झारखंड सरकार ने बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार और झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के सौजन्य से 04 अगस्त 2026 से देवघर और बासुकीनाथ के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जा रही है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं नागर विमानन विभाग द्वारा यह सेवा शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुलभ, सुरक्षित और तीव्र हवाई दर्शन के माध्यम से सुखद यात्रा अनुभव देना है।
ये रहेंगी दरें और पैकेज
1. देवघर आकाशीय परिदर्शन - 7 से 10 मिनट की हवाई परिक्रमा: रुपए 2,850 प्रति व्यक्ति.
2. बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन - 7 से 10 मिनट की हवाई परिक्रमा: रुपए 2,850 प्रति व्यक्ति.
3. देवघर से त्रिकूट परिदर्शन - 10 से 15 मिनट की हवाई यात्रा: रुपए 3,750 प्रति व्यक्ति.
4. देवघर से बासुकीनाथ एकतरफा यात्रा - 15 मिनट की उड़ान: रुपए 4,500 प्रति व्यक्ति.
हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट: www.jharkhandaviation.in पर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।
सहायता और पूछताछ के लिए हेल्पलाइन नंबर 9122583111 भी जारी किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि इस हवाई सेवा से बुजुर्ग, दिव्यांग और सीमित समय वाले श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन में काफी सुविधा होगी। साथ ही देवघर-त्रिकूट क्षेत्र का हवाई नजारा भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।





