देवघर पहुंचे सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति अपरेश सिंह, सपरिवार बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह शनिवार को सपरिवार देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की।
न्यायमूर्ति सिंह ने मंदिर के पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गर्भगृह में बाबा का जलाभिषेक किया और देश में सुख-शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगल कामना की। धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया गया।
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त ने न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को बाबा बैद्यनाथ के शिवलिंग स्वरूप की तस्वीर स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की।
उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश रह चुके हैं। उनके आगमन को लेकर मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे।






