BREAKING NEWS

logo

देवघर पुलिस का मानवीय चेहरा, दिव्यांग श्रद्धालु को गोद में उठाकर कराया बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान देवघर पुलिस ने सुरक्षा के साथ-साथ सेवा और संवेदनशीलता का उदाहरण पेश किया है। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण के लिए पहुंचे एक दिव्यांग श्रद्धालु को पुलिसकर्मियों ने गोद में उठाकर गर्भगृह तक पहुंचाया और ससम्मान जलार्पण कराया।

शारीरिक असमर्थता के कारण दिव्यांग श्रद्धालु को स्वयं जल चढ़ाने में काफी कठिनाई हो रही थी। स्थिति को देखते हुए मंदिर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सहयोग प्रदान किया। 

पुलिसकर्मियों ने न केवल श्रद्धालु को सुरक्षित रूप से मंदिर परिसर में प्रवेश कराया, बल्कि उन्हें गोद में उठाकर बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण भी कराया। इस दौरान पुलिस ने पूरा सम्मान और मानवीय संवेदना के साथ उनका सहयोग किया।

उपस्थित श्रद्धालुओं ने देवघर पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि मेला के दौरान पुलिस न केवल भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा में जुटी है, बल्कि जरूरतमंद श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता कर रही है।

जिला पुलिस प्रशासन ने कहा कि श्रावणी मेला में आए प्रत्येक शिवभक्त की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी भावना के साथ जवान ड्यूटी पर तैनात हैं।

देवघर पुलिस की इस मानवीय पहल की सोशल मीडिया और मेला क्षेत्र में चारों ओर चर्चा हो रही है और लोग पुलिस के इस "सेवा भाव" की प्रशंसा कर रहे हैं।