मुंबई में इलाज के दौरान युवक का निधन, पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने पहुंचकर जताया शोक
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : सारवां थाना क्षेत्र अंतर्गत पांचूडीह गांव निवासी कृष्णा राउत के पुत्र विजय राउत उर्फ कारू राउत का शुक्रवार को मुंबई में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार विजय राउत पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज मुंबई में चल रहा था। इलाज के दौरान ही शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन के बाद शनिवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पांचूडीह लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख पांचूडीह गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
पूर्व मंत्री श्री पत्रलेख ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि विजय राउत एक मिलनसार और कर्मठ युवक थे। उनका असमय चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि विजय राउत गांव में सभी से प्रेमपूर्वक रहते थे और हर सुख-दुख में शामिल होते थे।
शनिवार देर शाम बगल के अजय नदी घाट पर पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।






