BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सरकारी पैक्स भवन पर कब्जे का आरोप, देवस्थान का रास्ता भी अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद

बेंगाबाद अंचल क्षेत्र के मधवाडीह गांव में सरकारी पैक्स भवन पर कथित अवैध कब्जे और देवस्थान जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इसे लेकर ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कर सरकारी भवन एवं देवस्थान के रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मधवाडीह निवासी राजेंद्र यादव द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि मौजा मधवाडीह के खाता संख्या 33, प्लॉट संख्या 400 की गैरमजरूआ जमीन पर ग्रामीणों का देवस्थान काफी पुराना है। इसी भूखंड पर करीब 20 वर्ष पूर्व सरकारी योजना के तहत पैक्स भवन का निर्माण कराया गया था, जहां पूर्व में सरकारी कार्य संचालित होते थे। हालांकि पिछले कुछ वर्षों से पैक्स भवन बंद पड़ा था। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने करीब दो वर्ष पूर्व पैक्स भवन का ताला तोड़कर उस पर कब्जा कर लिया। भवन का निजी उपयोग करने के साथ उसमें मवेशियों को भी बांधा जा रहा है। इसके अलावा पैक्स भवन के आसपास की गैरमजरूआ जमीन पर भी कथित रूप से कब्जा कर लिया गया है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि देवस्थान जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण कर ग्रामीणों के आवागमन में बाधा उत्पन्न की जा रही है अतिक्रमणकारियों द्वारा दो स्थानों पर निजी मकान बनाए जाने की बात भी कही गई है। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी से स्थल जांच कर सरकारी पैक्स भवन एवं देवस्थान के रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि बेंगाबाद थाना प्रभारी, बीडीओ एवं गिरिडीह उपायुक्त को भी दी गई है।
इधर, मधवाडीह पैक्स अध्यक्ष किसुन यादव ने बताया कि 28 फरवरी को ही विभाग को लिखित आवेदन देकर मामले से अवगत कराया गया था। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा एवं अवैध कब्जे को रोकना संबंधित विभाग की जिम्मेवारी है।
वहीं, अंचल अधिकारी सफी आलम ने कहा कि आवेदन प्राप्त होने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो।