रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह :भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गिरिडीह महानगर जिला अंतर्गत कोवाड़ मंडल के महुआटांड़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा गिरिडीह जिला मंत्री सह सांसद प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद मंडल ने किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के नौनिहालों के बीच ताजे फल एवं चॉकलेट वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और मुस्कान देखते ही बन रही थी। वहीं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी सेविका उषा देवी एवं सहायिका रीता कुमारी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेश प्रसाद मंडल ने कहा कि आज के बच्चे ही देश के कल के भविष्य हैं। भाजपा के लिए सेवा केवल नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की कार्यसंस्कृति है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक संवेदना, सहयोग और खुशियां पहुंचाना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र नौनिहालों की पहली पाठशाला हैं और यहां कार्यरत सेविका-सहायिका मातृ-शिशु कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को धरातल पर साकार करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार समाज के बीच रहकर सेवा कार्य करते रहेंगे। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तथा मातृ-शिशु कल्याण समाज के समग्र उत्थान की पहली सीढ़ी है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी जुड़ाव, संवेदना और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री सरिता शर्मा, बबली देवी, सेविका उषा देवी, सहायिका रीता कुमारी, कमलदेव शर्मा, सुरेश मोहली समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।







