BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कमिश्नर ने जमुआ अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, भूमि मामलों के त्वरित निष्पादन व पारदर्शिता पर दिया जोर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता जमुआ 

उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त (कमिश्नर) विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को जमुआ अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि संबंधी मामलों, अभिलेखों, विभिन्न रजिस्टरों एवं लंबित मामलों की गहन समीक्षा की और राजस्व कार्यों में पारदर्शिता तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
अंचल कार्यालय पहुंचने पर कमिश्नर का अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए फाइलों के संधारण, अभिलेखों की स्थिति और जन शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली.
निरीक्षण के उपरांत कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े मामलों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी अभिलेखों को अद्यतन, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संधारित रखने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया.
इस अवसर पर खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी समीर रेनियर खलको, नगर आयुक्त विजय कुमार विरुवा, एसी अभय कुमार सिंह, जमुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी अमल कुमार, अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा, बीपीआरओ सहदेव यादव सहित स्थानीय प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.