गांधीजी के खरगडीहा आगमन की स्मृति में कार्यक्रम, विद्यालय के कायाकल्प का लिया संकल्प
खरगडीहा। महात्मा गांधी जी के खरगडीहा आगमन की स्मृति में आज खरगडीहा स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज ही के दिन 101 वर्ष पूर्व महात्मा गांधी जी खरगडीहा आए थे। उनकी स्मृति को जीवंत रखने और उनके विचारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संकल्प लिया गया कि जिस विद्यालय की स्थापना गांधी जी की प्रेरणा से हुई थी, उसका कायाकल्प कराया जाएगा। सरकार एवं उपायुक्त महोदय की अनुमति से विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सरकार से विद्यालय की चारदीवारी निर्माण कराने का आग्रह किया गया, जिससे विद्यालय की सुरक्षा, सुंदरता और वातावरण में सुधार हो सके।
वक्ताओं ने गांधी जी के खरगडीहा आगमन के ऐतिहासिक प्रसंग को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1925 में असहयोग आंदोलन के बाद गांधी जी जब रचनात्मक कार्यों में लगे थे, उस दौरान वे गिरिडीह के पचम्बा आए थे। इससे पहले वे खरगडीहा में रुके थे और यहां बुनियादी विद्यालय की आधारशिला रखी थी, जिसका उद्देश्य बच्चियों को शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना था। स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जाता है कि उस समय महिलाओं ने गांधी जी के दीनबंधु कोष के लिए अपने आभूषण तक दान किए थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल चौधरी ने की, जबकि संचालन सुंदर राम ने किया। सभा में मुख्य रूप से चीना खान, जुल्फिकार अली, संतोष रविदास, बिमल सिंह, रघुनन्दन प्रसाद सिंह, राहुल साव,मिथलेश चौधरी, बीरू चौधरी, फरीद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






