BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बहू से कथित छेड़खानी का विरोध करने पर ससुर पर फरसा से हमला, तीन नामजद


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पारडीह गांव में बहू के साथ कथित छेड़खानी का विरोध करने पर उसके ससुर पर फरसा से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल रोहन प्रसाद वर्मा को बेंगाबाद सामुदायिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित की पत्नी लीलावती देवी ने शनिवार शाम बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 115/2026 दर्ज कर लिया है। मामले में राजेश कुमार वर्मा सहित तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, 30 जून की सुबह करीब साढ़े सात बजे उनकी बहू घर के अंदर थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी निर्मल महतो के पुत्र राजेश कुमार वर्मा घर में घुस आया और गलत नीयत से बहू के साथ छेड़खानी का प्रयास किया। बहू द्वारा शोर मचाने पर उसकी सास लीलावती देवी मौके पर पहुंचीं और विरोध किया। इसी दौरान लीलावती देवी के पति रोहन प्रसाद वर्मा ने आरोपी युवक को फटकार लगाई, जिसके बाद वह वहां से चला गया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद राजेश कुमार वर्मा गुस्से में फरसा लेकर आया और रोहन प्रसाद वर्मा के कंधे पर वार कर दिया। हमले में रोहन गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंचे और महिलाओं के साथ मारपीट की।
इधर, गांव के कुछ लोगों का कहना है कि रोहन प्रसाद वर्मा और निर्मल महतो के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।