झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की मासिक बैठक: शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने और बकाए वेतन भुगतान की माँग.
डुमरी / गिरिडीह :- उर्दू उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोदवाडीह में मंगलवार को झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की प्रखंड स्तरीय मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष मुमताज अहमद ने की।
बैठक के दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। संघ ने सरकार से पुरजोर माँग की कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से पूरी तरह मुक्त किया जाए ताकि वे अध्यापन कार्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें। इसके अलावा शिक्षकों के मासिक वेतन का भुगतान हर माह समय पर करने तथा सहायक आचार्यों के विगत माह अगस्त व सितम्बर के बकाए वेतन का अविलंब भुगतान करने की माँग उठाई गई।
बैठक में संगठन को बूथ व प्रखंड स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा शिक्षकों की सभी समस्याओं का समयबद्ध व त्वरित निवारण करने पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर शिक्षक रविशंकर सिंह, केशवेन्द्र सिंह, सलाउद्दीन अंसारी, सुबोध चन्द्र रविदास, मनोज गोस्वामी, समशुल हक, रफिका खातुन, हिरालाल महतो, अमलेश महतो, मनोज कुमार, संतोष महतो, लोकनाथ यादव एवं अंजना कुमारी सहित कई अन्य शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित थे।






