तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह: 40 फीट तक सड़क पर घिसटी बाइक, हेलमेट ने बचाई युवक की जान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद–मधुपुर मुख्य मार्ग पर रविवार रात तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। बेंगाबाद बाजार स्थित स्टेट बैंक शाखा के सामने तेज गति से जा रही एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और लगभग 30 से 40 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दौरान सड़क पर चिंगारियां उठने लगीं और अंततः बाइक सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हेलमेट पहने होने के कारण उसकी जान बच गई।
घायल की पहचान ताराजोरी पंचायत के केन्दुआटांड़ निवासी शीतल बेसरा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह बेंगाबाद से अपने घर लौट रहा था। स्टेट बैंक के सामने पहुंचते ही तेज रफ्तार के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उसके हाथ में गंभीर चोट आई है।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय युवाओं ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को एंबुलेंस की सहायता से बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि सड़क पर घिसटने के दौरान चिंगारियां निकलने लगीं। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग कुछ क्षण के लिए स्तब्ध रह गए। संयोगवश दुर्घटना के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था और बाइक सवार हेलमेट पहने हुए था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद लोगों ने वाहन चालकों से तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।





