रुद्र यज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, पूर्व मंत्री बैजनाथ राम हुए शामिल
बालूमाथ। प्रखंड क्षेत्र ओकिया ग्राम में आयोजित श्री श्री 1008 श्री शिव परिवार जिनोद्धार प्रतिमा एवं रुद्र यज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।कलश यात्रा में लातेहार के पूर्व विधायक सह पूर्व शिक्षा मंत्री बैजनाथ राम भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।कलश यात्रा यज्ञ स्थल से गाजे-बाजे के साथ निकली और विभिन्न मार्गों से होते हुए चमरेगा नदी पहुंची। जहां यज्ञ आचार्य पंडित रमेश देव पौराणिक ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं द्वारा कलश में जल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल लौटे।यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। पूरे रास्ते जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी तथा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान आगामी 24 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान यज्ञ मंडप वेदी पूजन, रात्रि भक्ति जागरण, देवी-देवता पूजन, जलाधिवास, अन्नाधिवास, मूर्ति महा स्नान, नगर भ्रमण एवं सज्जाधिवास जैसे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 23 अप्रैल को प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा, जबकि 24 अप्रैल को विधि-विधान के साथ विसर्जन कर कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। वही आयोजित कार्यक्रम में जिप सदस्य प्रियंका देवी,प्रभात कुमार,पूजा समिति अध्यक्ष अखिलेश साव,सचिव देवेंद्र साव,कोषाध्याय सुरेंद्र यादव,सत्यदेव पाठक,मनोज पाठक,विपिन यादव,मनोज यादव,प्रदीप यादव समेत कई लोग शामिल थे ।





