BREAKING NEWS

logo

उपायुक्त के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों के नोडल पदाधिकारी ने पंचायत और वार्डों का किया निरीक्षण


उपायुक्त श्री राजीव रंजन के निर्देशानुसार गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता की जांच को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नामित नोडल पदाधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में वार्डों का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन, सेवा वितरण व्यवस्था तथा लाभुकों को मिल रही सुविधाओं का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्रज्ञा केंद्र, जन वितरण प्रणाली की दुकानें, मनरेगा कार्यस्थल तथा पंचायत भवनों का निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ ग्रामीणों एवं लाभुकों से सीधा संवाद स्थापित कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण अभियान का उद्देश्य योजनाओं की जमीनी प्रगति का मूल्यांकन करते हुए सेवा वितरण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्रत्येक गुरूवार को यह अभ्यास प्रशासन द्वारा किया जाता है। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों एवं समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी, प्रभावी एवं सुगम तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।