BREAKING NEWS

logo

फोरलेन पर काल बनकर दौड़ी रफ्तार, दो अलग-अलग हादसों में चार युवकों की मौत


फोरलेन पर काल बनकर दौड़ी रफ्तार, दो अलग-अलग हादसों में चार युवकों की मौत

देर रात सड़क हादसों से दहला श्री बंशीधर नगर, दो गंभीर घायल

थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे घटनास्थल, पुलिस ने चलाया राहत-बचाव अभियान

शुभम जायसवाल 

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात फोरलेन सड़क पर हुए दो अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि एक बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के गांवों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार पहली दुर्घटना थाना क्षेत्र के जतपुरा गांव के समीप हुई, जबकि दूसरी घटना बभनी स्थित मिट्ठू जायसवाल के धर्मकांटा के पास हुई। दोनों हादसों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

बताया जा रहा है कि बभनी गांव के समीप एक बाइक पर पांच युवक सवार होकर जा रहे थे। सभी युवक अपने दोस्त किशुन उरांव को उड़ीसा जाने के लिए नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ाने के बाद सगमा प्रखंड के कटहर गांव जा रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के विंढमगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक संख्या JH 03Q 3805 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी बाइक सवार युवक कुछ दूरी पर जाकर गिरे। जिसमें दो युवक की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

घटना की सूचना स्थानीय निवासी मिट्ठू जायसवाल ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस एवं एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान खरौंधी थाना क्षेत्र के सरपलिया गांव निवासी रघुनाथ उरांव के 16 वर्षीय पुत्र चंदन उरांव, पारस उरांव के 17 वर्षीय पुत्र मंतोष उरांव तथा धनेश्वर उरांव के 22 वर्षीय पुत्र सोनू उरांव की मौत घोषित कर दिया।

वहीं मंगल उरांव के 20 वर्षीय पुत्र अखलेश उरांव की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर बाइक को धक्का मारने के बाद भाग रही ट्रक को पुलिस ने पकड़कर थाने में जप्त कर लिया है।

उधर दूसरी घटना जतपुरा गांव के समीप हुई। बताया जा रहा है कि ठरकीया गांव निवासी कामेश्वर विश्वकर्मा के 36 वर्षीय पुत्र राजू विश्वकर्मा गढ़वा से काम कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान संभवतः नींद आने के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि राजू विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस दुर्घटना में सोनबरसा गांव निवासी उमा चंद्रवंशी के 18 वर्षीय पुत्र अतेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। देर रात से ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मृतकों के घरों पर जुटी रही। हर तरफ चीख-पुकार और गम का माहौल देखने को मिला। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने फोरलेन सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है।