BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

श्री बंशीधर नगर के कोईंदी गांव में खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, ब्लीचिंग पाउडर लदा वाहन जलकर खाक


श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोईंदी गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना में ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में ब्लीचिंग पाउडर लोड था, जिसे रेणुकूट से जालेश्वर ले जाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक अलीमन अंसारी की तबीयत खराब हो गई थी। चालक ने रात में ही वाहन मालिक को इसकी सूचना दी थी। मालिक ने तबीयत ठीक होने पर आगे बढ़ने और अन्यथा सुबह दूसरा चालक भेजने की बात कही थी। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया। शुक्रवार सुबह अचानक ट्रक से आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी ट्रक के नजदीक नहीं जा सका। ट्रक में लोड ब्लीचिंग पाउडर के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

बाद में सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा ट्रक जलकर खाक हो चुका था। घटना के बाद काफी देर तक इलाके में धुआं फैलता रहा और लोगों की भीड़ जुटी रही।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।