जमशेदपुर, 01 अक्टूबर 2026:
लक्ष्मी सुरभि संस्था एवं सिदगोड़ा थाना के संयुक्त प्रयास से ‘मिशन निर्माण – नशामुक्त युवा अभियान’ के अंतर्गत आज हिंदुस्तान मित्र मंडल विद्यालय, 10 नंबर बस्ती, जमशेदपुर में नशामुक्त युवा जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी सुरभि संस्था के अध्यक्ष श्री जितेंद्र तिवारी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘मिशन निर्माण’ के उद्देश्य, नशे के बढ़ते प्रभाव तथा विशेष रूप से साथियों के दबाव से बचने और जीवन में सही निर्णय लेने के महत्व के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नशे के कानूनी, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
अधिवक्ता यश पांडेय ने विद्यार्थियों को एनडीपीएस अधिनियम (NDPS ACT) के प्रावधानों तथा नशीले पदार्थों से जुड़े कानूनी परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वहीं पूर्व सैनिक एवं अधिवक्ता जितेंद्र सिंह ने नशे के कारण उत्पन्न होने वाली मनोवैज्ञानिक समस्याओं, मानसिक दबाव तथा व्यक्ति के व्यवहार एवं भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों को सरल भाषा में समझाया।
सिदगोड़ा थाना से श्री टोपनो ने विद्यार्थियों को नशे से जुड़े अपराध, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस के समक्ष आने वाले मामलों के बारे में जानकारी दी और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
नागरिक सुरक्षा विभाग के बड़ा बाबू श्री सुरेश प्रसाद ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा केवल व्यक्ति की मानसिक स्थिति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके शारीरिक स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और आर्थिक स्थिति को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है।
कार्यक्रम के दौरान हर्षवर्धन एवं मंजीत ने अपने जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि नशे की शुरुआत भले ही छोटी लगे, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा, रोजगार और पूरे जीवन को प्रभावित कर सकती है। उनके अनुभवों ने विद्यार्थियों को नशे के वास्तविक खतरों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य श्री छगन जी एवं श्रीमती लक्ष्मी जी ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और नशामुक्त युवा समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका पर जोर दिया।
संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से पूरा कार्यक्रम अत्यंत प्रभावशाली एवं सफल रहा।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती मधु रॉय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
‘मिशन निर्माण’ का संकल्प
लक्ष्मी सुरभि संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि ‘मिशन निर्माण’ का उद्देश्य केवल नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना नहीं, बल्कि युवाओं को सही जानकारी, सकारात्मक सोच और सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान कर एक स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
“नशे को कहें ना, जीवन को कहें हाँ” के संदेश के साथ संस्था आने वाले समय में शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में कार्य करेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जसपाल, बलराज, सोनी सिंह, गुड़िया तिवारी, सुनीता साहू, मीनू, निशा, इंद्रजीत, ममतेश्वरी, साइमा, मोनिका, पुष्कर, विवेक, पूजा सहित लक्ष्मी सुरभि संस्था के अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







