कोल्हान विश्वविद्यालय में DHTE अप्रेंटिसशिप योजना के तहत 129 पदों पर एक सुनहरा अवसर
चाईबासा, 18 मई 2026 :कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा द्वारा झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग (DHTE) की अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत विश्वविद्यालय विभागों एवं विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों में कुल 129 प्रशिक्षु पदों हेतु विज्ञापन जारी किया गया है। योजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं को ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगारपरक कौशल विकसित करना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार वर्ष 2021 से 2025 के बीच झारखंड राज्य के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों अथवा संस्थानों से स्नातक या डिप्लोमा उत्तीर्ण एवं झारखंड निवासी अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी तथा अभ्यर्थी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 19 मई 2026 निर्धारित की गई है।
योजना के अंतर्गत स्नातक प्रशिक्षुओं को प्रतिमाह ₹12,000 तथा डिप्लोमा प्रशिक्षुओं को ₹10,000 स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। स्नातक प्रशिक्षुओं के लिए यह राशि झारखंड सरकार एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना (NATS) के संयुक्त सहयोग से दी जाएगी। प्रशिक्षण अवधि एक वर्ष की होगी।
विज्ञापन के अनुसार प्रशासनिक अनुभाग, लेखा शाखा, फिजिक्स लैब, केमिस्ट्री लैब, बॉटनी लैब, जूलॉजी लैब, कंप्यूटर लैब तथा पुस्तकालय सहित विभिन्न विभागों में प्रशिक्षु पद उपलब्ध हैं। इन पदों का आवंटन कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय विभागों में किया गया है।
श्रेणीवार पदों में सामान्य वर्ग के लिए 58, अनुसूचित जाति के लिए 14, अनुसूचित जनजाति के लिए 30, बीसी-1 के लिए 12, बीसी-2 के लिए 6 तथा ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 9 पद निर्धारित किए गए हैं। आरक्षण नीति झारखंड सरकार के प्रावधानों के अनुरूप लागू होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन के समय वैध जाति प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
चयन प्रक्रिया पूर्णतः मेरिट आधारित होगी तथा किसी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। स्नातक अथवा डिप्लोमा परीक्षा में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। समान अंक होने की स्थिति में अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को वरीयता दी जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रशिक्षण पूर्णतः अस्थायी होगा तथा इससे नियमित नियुक्ति का कोई दावा मान्य नहीं होगा। पूर्व में अप्रेंटिसशिप कर चुके अथवा वर्तमान में प्रशिक्षणरत अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने महाविद्यालय के स्टूडेंट रिसोर्स सेंटर अथवा निकटतम CSC केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी स्वयं भी NATS पोर्टल एवं झारखंड राज्य अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन से पूर्व NATS ID प्राप्त करना अनिवार्य बताया है।
माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं को व्यावहारिक अनुभव एवं रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह विज्ञापन कुलपति महोदया के आदेशानुसार कुलसचिव, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा द्वारा जारी किया गया है।





