हिंदुस्तान मित्र मंडल दुर्गा पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन, रघुवर दास हुए शामिल
जमशेदपुर। हिंदुस्तान मित्र मंडल पूजा समिति के भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल श्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति में पूजा पंडाल का उद्घाटन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में समिति के चेयरमैन श्री अवध किशोर चौधरी, अध्यक्ष श्री कुमार धीरेंद्र तथा महामंत्री श्री अखिलेश कुमार चौधरी उपस्थित रहे। इनके अलावा टाटा स्टील के हेड स्पोर्ट्स श्री मनीष सिन्हा, जुस्को टाउन सर्विस के श्री उत्तम सिन्हा एवं श्री दीपक कुमार भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर अतिथियों ने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। आकर्षक साज-सज्जा से सुसज्जित पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
हिंदुस्तान मित्र मंडल पूजा समिति की ओर से दुर्गोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूत करने का संदेश देता है।
रांची एक्सप्रेस संवाददाता, जमशेदपुर






