दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश
जमशेदपुर। दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व के मद्देनजर शहर में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा हेतु जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के नगर आयुक्त श्री योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि तीनों पर्वों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
नगर आयुक्त ने विशेष रूप से निम्नलिखित निर्देश दिए—
1. स्वच्छता व्यवस्था: सभी पूजा स्थलों, बाजारों, प्रमुख सड़कों एवं आवासीय क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
2. छठ घाटों की व्यवस्था: छठ घाटों एवं पहुंच पथों की विशेष सफाई, कचरा उठाव तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था समय पर पूरी की जाए।
3. स्ट्रीट लाइट: प्रमुख सड़कों, पूजा पंडालों एवं छठ घाटों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
4. नालों की सफाई: जलजमाव की आशंका वाले क्षेत्रों एवं नालों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए।
5. दीपावली एवं काली पूजा: पूजा स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
6. विशेष निगरानी: सभी संबंधित पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय कर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर तैयारियों की नियमित निगरानी करेंगे तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्वों के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में विशेष पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त, लेखा पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, संबंधित अभियंता एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।






