BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में आयकर विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में जमशेदपुर आयकर विभाग की ओर से सतर्कता जागरूकता (Vigilance Awareness) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के बीच सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग करना था।

कार्यक्रम का आयोजन जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति म प्रोफेसर इला कुमार के मार्गदर्शन में तथा जमशेदपुर आयकर विभाग के मुख्य आयकर आयुक्त श्री सलिल मिश्रा के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात वाणिज्य विभाग की डीन डॉ. दीपा सरन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया तथा अपने संबोधन में कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को सतर्कता, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के महत्व से अवगत कराया। इसके बाद आयकर उपायुक्त, जमशेदपुर श्री आशीष कुमार, आयकर अधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार, श्री प्रवीण कुमार चौहान एवं आयकर निरीक्षक श्री विपिन कुमार सिंह ने कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

इस अवसर पर आयकर अधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार ने आयकर विभाग एवं सतर्कता से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने आयकर की कार्यप्रणाली, सतर्कता के महत्व, केंद्रीय सतर्कता आयोग (Central Vigilance Commission) के गठन, मुख्य सतर्कता अधिकारी (Chief Vigilance Officer) की भूमिका तथा भ्रष्टाचार रोकने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में विस्तार से समझाया। उनके संबोधन से छात्राओं को आयकर विभाग एवं सतर्कता व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सतर्कता जागरूकता की शपथ ली और अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए श्री प्रवीण कुमार चौहान द्वारा एक प्रश्नोत्तरी (Quiz Competition) का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लिया तथा अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को श्री आशीष कुमार (IRS) द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अंत में आयकर विभाग के इंस्पेक्टर श्री विपिन कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने में वाणिज्य विभाग की डीन डॉ. दीपा सरन, विभागाध्यक्ष डॉ. ग्लोरिया पूर्ति,  डॉ. कामिनी कुमारी,  डॉ. छगनलाल अग्रवाल एवं जयन्ती प्रधान  की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इसके माध्यम से उन्हें सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका के महत्व को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।