BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सबनपुर फुटबॉल टूर्नामेंट में मेजबान टीम ने मारी बाजी, भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने किया पुरस्कार वितरण


आदिवासी समाज के हक, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए मरते दम तक लड़ने का हरिमोहन मिश्रा ने किया वादा।
उदय किशोर सिंह की रिपोर्ट
जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत सबनपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का मंगलवार की रात भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में सबनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह जामताड़ा विधानसभा के एसआईआर बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान नारायणपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव हांसदा, पबिया मंडल अध्यक्ष द्वारका प्रसाद सिंह, नारायणपुर मंडल महामंत्री सुखदेव राय, सीमांत मंडल के रासमुनि हेंब्रम तथा आयोजन समिति के सदस्य सुभाष बारस्की और राजेश हांसदा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। प्रतियोगिता को देखने के लिए हजारों की संख्या में खिलाड़ी एवं दर्शक मैदान में जुटे।
समारोह को संबोधित करते हुए हरिमोहन मिश्रा ने आदिवासी-मूलवासी समाज के हक-अधिकार, धार्मिक पहचान, संस्कृति और बहू-बेटियों के मान-सम्मान की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में आदिवासी समाज के लगभग 14 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटने तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं का नाम सूची में नहीं जुड़ने का आरोप लगाया। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय विधायक सह मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन मुद्दों पर आदिवासी समाज को जागरूक और एकजुट होने की जरूरत है।
हरिमोहन मिश्रा के संबोधन के दौरान उपस्थित आदिवासी महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए और आदिवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में साथ देने का भरोसा जताया। मिश्रा ने भी आदिवासी समाज के हक, अधिकार, धर्म और सम्मान की रक्षा के लिए जीवन के अंतिम क्षण तक संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।
फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन के साथ ही कार्यक्रम सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा का भी केंद्र बना रहा।