BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को किया नमन, एड्स के प्रति जागरूकता का दिया संदेश


जामताड़ा कॉलेज में एनएसएस इकाई एक एवं तीन की ओर से हुआ कार्यक्रम, भाषण, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजि

उदय किशोर सिंह,संवाददाता जामताड़ा।

जामताड़ा कॉलेज, जामताड़ा में मंगलवार को राष्ट्रीय एकता दिवस एवं एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना - इकाई एक एवं इकाई तीन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राम स्नेही राम एवं प्रो. रेशमा टोप्पो ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कौशल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधने और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से एड्स के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार टेटे, डॉ. काकोली गोराई, प्रो. रेशमा टोप्पो एवं डॉ. राम स्नेही राम ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आईसीटीसी सदर अस्पताल जामताड़ा के परामर्शी सुनील कुमार दुबे ने एड्स के कारणों, संक्रमण के तरीकों और बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही जानकारी, जागरूकता और सावधानी के माध्यम से एचआईवी संक्रमण के प्रसार को रोका जा सकता है। साथ ही इस बीमारी से प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव नहीं करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान भाषण, पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने तथा एड्स के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। वही कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम स्नेही राम ने किया। मौके पर विक्रम कुमार, मार्शल पूर्ति, सलोनी कुमारी, जोबा, मुस्कान, रजनी, तनीषा, रुचिका, मौसमी, विभा सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक, शिक्षक एवं कॉलेज कर्मचारी उपस्थित थे।