BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मुरलीपहाड़ी फ्लिपकार्ट कार्यालय में लाखों की चोरी, दीवार में सेंधमारी कर चोरों ने उड़ाए नकदी और मोबाइल।


रिपोर्ट :उदय किशोर सिंह जामताड़ा.
नारायणपुर (जामताड़ा)। नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी में संचालित फ्लिपकार्ट कार्यालय में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने कार्यालय की दीवार में सेंधमारी कर करीब एक लाख रुपये नकद और 10 से 12 मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
कार्यालय संचालक कुंदन कुमार सिंह के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वे कार्यालय बंद कर अपने घर चले गए थे। शनिवार सुबह लगभग सात बजे जब वे कार्यालय पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर गए, तो देखा कि कार्यालय की सभी लाइटें बंद थीं। इसी दौरान उनकी नजर पीछे के दरवाजे के पास दीवार में बने छेद पर पड़ी। आसपास के लोगों को बुलाकर जांच की गई, तो पता चला कि चोरों ने दीवार में सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड न मिल सके। कार्यालय संचालक ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब एक लाख रुपये नकद और 10 से 12 मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। कार्यालय में रखे अन्य सामानों का भी मिलान किया जा रहा है। पूरी सूची तैयार होने के बाद ही चोरी गए सामानों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना की सूचना मिलने पर सबसे पहले मुरलीपहाड़ी टीओपी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल की। इसके बाद नारायणपुर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल: फ्लिपकार्ट कार्यालय से कुछ ही दूरी पर मुरलीपहाड़ी टीओपी स्थित है, जहां पुलिस बल की तैनाती रहती है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर कार्यालय में सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस घटना ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कर चोरों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।