BREAKING NEWS

logo

खाना खाने के बाद मुखिया समेत परिवार के 15 लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका


हुसैनाबाद : कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद:पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पथरा पंचायत अंतर्गत पथरा गांव में रविवार को  दोपहर का भोजन करने के बाद पंचायत के मुखिया नरेश पासवान समेत उनके परिवार के 15 सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी।घटना के बाद मुखिया के परिवार और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी बीमार लोगों को तत्काल हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।बीमार होने वालों में मुख्य रूप से पथरा पंचायत के मुखिया मुखिया नरेश पासवान,उमेश पासवान,विनय पासवान,दिनेश पासवान,इन्द्रदेव राम,राजकेश्वरी देवी,अनिता देवी,मनीषा कुमारी,स्नेहलता कुमारी,सत्याक्षी कुमारी,साक्षी कुमारी,सोनाक्षी कुमारी,सूर्यमंती देवी  समेत कुल 15 लोग बीमार हो गए।परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे सभी ने घर में बना चावल और सब्जी खाई थी। भोजन करने के बाद सभी अपने-अपने काम में लग गए, जबकि कुछ सदस्य आराम करने चले गए। मुखिया नरेश पासवान भोजन के बाद प्रखंड कार्यालय चले गए थे।इसी दौरान एक-एक कर परिवार के सदस्यों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। सूचना मिलने पर मुखिया भी घर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होती देख परिजनों और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) का मामला माना है।घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय कुमार भारती तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मुखिया नरेश पासवान और उनके परिजनों से मुलाकात कर बातचीत की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की ताजा स्थिति की जानकारी ली।