रात के सन्नाटे में घर में घुसा कोयला लदा हाइवा* : मकान टूटा, छत पर सो रहे परिवार की बची जान
पलामू : जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया गांव में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर कोयला लदा तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे के समय घर के सदस्य छत पर सो रहे थे, जिससे कई जिंदगियां बाल-बाल बच गईं।घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार हाइवा चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे शिव साव के मकान से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में चालक केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी और चालक की लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इधर, मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की तेज आवाजाही पर चिंता जताते हुए सख्त सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।





