वोट चोरी, चीनी घुसपैठ और महंगाई पर जवाब दे भाजपा, विपक्ष को धमकाना बंद करे : केएन त्रिपाठी
मेदिनीनगर। चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता, सीमा सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को विपक्ष को धमकाने और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने के बजाय जनता से किए गए वादों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और चीन से जुड़े सीमा विवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर देश को जवाब देना चाहिए।
श्री त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि "लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना कोई अराजकता नहीं, बल्कि विपक्ष का संवैधानिक अधिकार और नैतिक दायित्व है।
त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों, कथित वोट चोरी और मतदाता सूची की अनियमितताओं पर सरकार और संबंधित संस्थाओं को पारदर्शी तरीके से जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र में जनता के मत की विश्वसनीयता सर्वोपरि है, इसे दबाने के बजाय तथ्यों के साथ समाधान किया जाए।
सीमा सुरक्षा और चीनी घुसपैठ पर स्थिति स्पष्ट करे सरकार
अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में चीनी सेना के अतिक्रमण और घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि देश की अखंडता से कोई समझौता नहीं हो सकता। सरकार को सीमा पर वास्तविक स्थिति और अपनी विदेश नीति को देश के सामने पारदर्शी रूप से रखना चाहिए
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार जनता, किसानों, युवाओं और गरीबों की आवाज उठा रहे हैं। भाजपा नेताओं द्वारा विपक्ष को दबाने या धमकाने की कोशिश से महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं खत्म नहीं होंगी
त्रिपाठी ने मांग की कि भाजपा चुनाव के दौरान किए गए वादों—जैसे महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार, किसानों को उपज का उचित मूल्य और महिलाओं की सुरक्षा—पर अपनी उपलब्धियों का हिसाब दे।
"संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करने वाली भाजपा को यह समझना होगा कि सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष भी लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विपक्ष को डराने के बजाय भाजपा जनता के प्रति अपनी जवाबदेही तय करे। कांग्रेस जनहित, निष्पक्ष चुनाव और देश की संप्रभुता के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।





.png)
