खमारबाद में भाजपा की संगोष्ठी, झामुमो समेत दूसरे दलों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का दामन
नाला विधानसभा में भाजपा को मजबूत करने का संकल्प, जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने युवाओं का किया स्वागत।
रिपोर्ट: उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
जामताड़ा: भाजपा केंद्रीय नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में नाला विधानसभा क्षेत्र के विंदापाथर मंडल अंतर्गत खमारबाद गांव में प्रबुद्ध जनों की संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत अन्य दलों से जुड़े दर्जनों युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि अब युवाओं को समझ में आने लगा है कि उनके सम्मान और अधिकारों की चिंता करने वाली पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के भरोसे नहीं, बल्कि बूथ और शक्ति केंद्रों पर समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत के आधार पर चुनाव लड़ती और जीतती है। आने वाले चुनाव में यही युवा कार्यकर्ता नाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास करने के बजाय भीड़तंत्र के माध्यम से अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। विपक्षी दलों को समझना चाहिए कि भारत की जनता लोकतंत्र में विश्वास रखती है और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने वालों को ही अपना समर्थन देती है।
वहीं, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि संगोष्ठी में उपस्थित कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का उत्साह यह संकेत दे रहा है कि आने वाले चुनाव में नाला विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में भाजपा मजबूत स्थिति में होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली और विचारधारा से प्रभावित होकर दूसरे दलों के कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में और लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता विष्णु मंडल, जिला उपाध्यक्ष कृष्णाचंद्र महतो, दिलीप हेंब्रम, जिला मंत्री किरण बेसरा, आभा आर्या, अबीता हांसदा, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, अमित सिंह, सूरज झा, गोपाल महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।






