मनातू में भाजपा का धरना, किसानों और ‘मइयां सम्मान’ योजना को लेकर सरकार पर साधा निशाना
पलामू: जिले के मनातू प्रखंड मुख्यालय के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की ओर से किसानों, माताओं-बहनों एवं आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अरविंद यादव ने की। धरना में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। भाजपा पलामू जिला अध्यक्ष अमित तिवारी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सरकार ने किसानों को ₹3200 समर्थन मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया। साथ ही ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को समुचित राहत नहीं मिलने की बात भी उठाई गई।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार बढ़ गया है तथा जमीन ऑनलाइन और डिजिटाइजेशन के नाम पर आम लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। वहीं ‘मइयां सम्मान’ योजना में सत्यापन प्रक्रिया के कारण माताओं-बहनों को भीषण गर्मी में बार-बार प्रखंड कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री विजय ठाकुर, जिला मंत्री रेणु देवी, गुरु साहू, सत्येंद्र यादव, शुभम प्रसाद, प्रधान सक्सेना, उदेश यादव सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि सरकार की अव्यवस्था और संवेदनहीनता से जनता त्रस्त है तथा भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।





