किसानों के मुद्दों पर भाजपा का प्रखंड स्तर पर धरना-प्रदर्शन, हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
पलामू: भारतीय जनता पार्टी ने किसानों से जुड़े मुद्दों, प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान, धान खरीद में देरी तथा प्रखंड स्तर पर कथित भ्रष्टाचार के विरोध में सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य सरकार किसानों के प्रति संवेदनहीन रही है और चुनाव पूर्व किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने, किसानों को समय पर भुगतान, खाद-बीज की उपलब्धता, मुफ्त बिजली, फसल बीमा और सिंचाई व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विफल रही है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि धान खरीद केंद्र समय पर नहीं खुलने और भुगतान में देरी के कारण किसान अपनी उपज बिचौलियों को बेचने के लिए मजबूर हैं। पलामू के कई किसानों का धान पैक्स में जमा होने के बाद लौटाए जाने का भी दावा किया गया है, जिससे किसानों में नाराजगी है।
भाजपा ने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही किसानों के लिए समय पर खाद-बीज, कृषि उपकरण, सिंचाई सुविधा, कोल्ड स्टोरेज, फसल बीमा और ऋण माफी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग उठाई गई है।
पार्टी ने कहा कि इन मांगों को लेकर राज्यभर में आंदोलन चलाया जाएगा और प्रखंड स्तर पर व्यापक धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।





