हुसैनाबाद में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर, 25 मरीजों की आंखों में लगाए गए लेंस
हुसैनाबाद शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गुरुवार को जिला अंधापन नियंत्रण समिति और राधा लक्ष्मी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय बुजुर्गों और जरूरतमंद मरीजों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।शिविर का उद्घाटन हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. पीएन सिंह, डॉ. अंजय कुमार मेहता और राधा लक्ष्मी ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी डॉ. अखिलेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद मोतियाबिंद से पीड़ित 25 गंभीर मरीजों का चयन किया गया। इन सभी मरीजों का आधुनिक आईओएल फेको विधि द्वारा लेंस प्रत्यारोपण बिल्कुल निःशुल्क किया गया।मौके पर अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. पीएन सिंह ने अंधापन को समाज की एक गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि मोतियाबिंद अंधापन का एक बड़ा और प्रमुख कारण है। समय पर जांच और उचित इलाज से लोगों की आंखों की रोशनी को आसानी से बचाया जा सकता है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में ऐसे शिविरों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं। वहीं राधा लक्ष्मी ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी डॉ. अखिलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उनका ट्रस्ट समाज के वंचित और जरूरतमंद तबके के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नेत्र ज्योति ही जीवन का प्रकाश है, और किसी भी जरूरतमंद की दृष्टि को वापस लाने या सुरक्षित करने में सहयोग करना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट आगामी 31 मार्च 2027 तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। मौके पर डॉ. आकाशदीप, जयप्रकाश सिंह उर्फ बच्चा सिंह, पायल कुमारी, रूपा कुमारी, बसन्ती देवी, माया कुमारी, कुंदन कुमार, सुनील कुमार समेत कई अन्य स्वास्थ्य कर्मियों और राधा लक्ष्मी ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे।






