24 साल बाद आंगनबाड़ी केंद्र से हटा अवैध कब्जा,BDO प्रवीण कुमार सिंह की कार्रवाई से मुक्त हुई सार्वजनिक संपत्ति
बरडीहा: प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने शनिवार सुबह मझगावां (सुखनदी पंचायत) में निरीक्षण के दौरान वर्षों से सार्वजनिक भवनों पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान वर्ष 2002 में बने आंगनबाड़ी केंद्र के एक कमरे पर पिछले 24 वर्षों से कब्जा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को कड़ी फटकार लगाते हुए शाम तक कमरा खाली कर सेविका को सौंपने का निर्देश दिया गया।इसके अलावा सामुदायिक भवन पर 7-8 वर्षों से रखे भूसा,लकड़ी व बल्लियों को हटवाया गया तथा बाजार स्थित सामुदायिक शेड पर पांच वर्षों से रखे बालू को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया।ग्रामीणों के सहयोग से सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटाया गया और बंद पड़ी नालियों की सफाई कराई गई। BDO ने नाली के पानी की निकासी के लिए सोख्ता निर्माण का भी निर्देश दिया।भ्रमण के दौरान उन्होंने गांव में स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पंचायत मुखिया को 15वें वित्त आयोग की राशि से प्रतिमा के ऊपर शेड निर्माण कराने का निर्देश दिया।BDO ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में प्रशासन आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।





