श्रावणी मेले को लेकर मधुपुर रेलवे की सतर्कता, मोबाइल चोर गिरफ्तार,चोरी का मोबाईल बरामद
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर (देवघर) : श्रावणी मेले के दौरान यात्री सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में मधुपुर रेलवे सुरक्षा बल ने एक मोबाइल चोर को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर मधुपुर जीआरपी के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन "यात्री सुरक्षा" के तहत जसीडीह की खुफिया एजेंसी से सूचना मिली थी कि बक्सर-टाटा एक्सप्रेस में एक संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से सफर कर रहा है। सूचना पर मधुपुर स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ ने ट्रेन के तीसरे जनरल कोच में छापेमारी कर मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के लहरजोरी, छातापत्थर निवासी सैयद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी का एक मोबाइल और सिमुलतला से मधुपुर तक का यूटीएस टिकट बरामद हुआ। पूछताछ में उसने 30 जुलाई को मधुपुर स्टेशन पर एक यात्री का मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। सीसीटीवी फुटेज से भी चोरी की पुष्टि हुई। जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।




