देवघर : श्रावणी मेला-2026 को भव्य बनाएगा ड्रोन शो, शिवलोक परिसर में कल शाम होगा तकनीक और भक्ति का संगम
देवघर : श्रावणी मेला-2026 को भव्य बनाएगा ड्रोन शो, शिवलोक परिसर में कल शाम होगा तकनीक और भक्ति का संगम
■ 500 से अधिक ड्रोन उकेरेंगे शिव की आकृतियां, लेजर और लाइट एंड साउंड शो भी होगा आकर्षण
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 को विश्वस्तरीय भव्यता देने की तैयारी में जिला प्रशासन जुटा है। इस बार श्रद्धालुओं को आस्था के साथ-साथ तकनीक का अद्भुत नजारा भी देखने को मिलेगा।
पर्यटन विभाग द्वारा मेला के पहले दिन शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ गुरुवार, 30 जुलाई को संध्या 07:00 बजे होगा।
बाबा मंदिर की परिधि से 05 किलोमीटर के दायरे में सैकड़ों ड्रोन एक साथ उड़कर आकाश में भगवान शिव, त्रिशूल, डमरू और श्रावणी मेले से जुड़ी आध्यात्मिक आकृतियां बनाएंगे। अत्याधुनिक तकनीक और भक्ति का यह अनूठा संगम श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव बनेगा।
प्रशासन का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को मेले में एक नया और दिव्य अनुभव प्राप्त हो।
मेले को और आकर्षक बनाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा "लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो" का भी आयोजन किया जाएगा।
लेजर लाइट शो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा, जबकि लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से देवघर और बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व को जीवंत रूप से दर्शाया जाएगा।
देवघर जिला प्रशासन के अनुसार श्रावणी मेला- 2026 में परंपरा के साथ आधुनिकता का समन्वय कर श्रद्धालुओं को एक भव्य, सुरक्षित और अविस्मरणीय अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है।




