सुलभ जलार्पण के लिए बाबा मंदिर में लगेंगे अरघा, डीसी ने तैयारियों का किया निरीक्षण
■ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित जलार्पण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता:- डीसी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने इस वर्ष भी लाखों शिवभक्तों की सुविधा के लिए मंदिर में लगने वाले विशेष अरघा का जायजा लिया और व्यवस्था को कल से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रेस को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने बताया कि भीड़ नियंत्रण और कतारबद्ध सुलभ जलार्पण के लिए बाबा मंदिर में अरघा लगाए जाएंगे।
1. मुख्य अरघा: बाबा मंदिर के मंझला खंड में मुख्य अरघा स्थापित रहेगा। यहां से सामान्य कतार और कूपन लेकर आए श्रद्धालु सुगमता से जलार्पण और बाबा का दिव्य दर्शन कर निकास मार्ग की ओर जाएंगे।
2. बाह्य अरघा: मंदिर के निकास द्वार के पास नीर कुंड के निकट बाह्य अरघा लगाए जाएंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों, असहायों और कम समय वाले श्रद्धालुओं के लिए की गई है। इन अरघा में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित गंगाजल अत्याधुनिक पाइपलाइन के माध्यम से सीधे नीर कुंड होते हुए गर्भगृह स्थित बाबा बैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर अर्पित होगा।
डीसी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मेला के दौरान कांवरियों की सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली और स्वच्छता में रत्ती भर भी लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का एकमात्र लक्ष्य है कि देवघर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुलभ दर्शन हो और उन्हें एक सुखद व पावन अनुभूति प्राप्त हो।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

.jpg)



