BREAKING NEWS

logo

डीसी ने श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर बाबा मंदिर क्षेत्र और रुटलाइन का किया निरीक्षण



■ साफ-सफाई, कतार व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। 

इसी कड़ी में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बुधवार को बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्रों और कांवरिया रुटलाइन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने नेहरू पार्क, मानसिंघी, जालसार पार्क, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक और बीएड कॉलेज का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार मेला क्षेत्र की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

कतार और साफ-सफाई पर विशेष जोर निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने तिवारी चौक से शिवराम झा चौक तक कांवरियों की कतार व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने को कहा। उन्होंने कांवरिया मार्ग, कतार व्यवस्था, साफ-सफाई, लाइटिंग, पेयजल उपलब्धता और सुरक्षा मानकों की बारीकी से समीक्षा की।

डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र की सभी मूलभूत सुविधाएं श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप पूरी तरह दुरुस्त रहें, ताकि बाहर से आने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावणी मेले के दौरान देवघर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुलभ एवं सुरक्षित जलार्पण कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए कतार प्रबंधन से लेकर होल्डिंग एरिया तक की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट कोटि की होनी चाहिए।

उन्होंने बाबा मंदिर व आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।