रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : शहर के पत्थरचपट्टी रोड स्थित महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बुधवार को आषाढ़ मास की पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा उत्सव के रूप में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मनाया गया।
इस हेतु विद्यालय के वंदना सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सर्वप्रथम विद्यालय के उप प्रधानाचार्य शिवनाथ झा, वरिष्ठ आचार्य किरण राय, वरिष्ठ आचार्य परमानंद सिंह एवं विनोद कुमार तिवारी ने महर्षि वेदव्यास के आदमकद चित्र के समक्ष दीप जलाकर और पुष्पर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में भैया और बहनों ने इस अवसर पर गुरु के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हुए गुरु पर आधारित गीत ,भाषण, पेंटिंग, कविताएं एवं प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में भाग लेने वाले भैया बहनों में साक्षी कुमारी और रश्मि कुमारी ने मंच संचालन का कार्य संभाला वहीं प्रिया कुमारी रोशनी कुमारी ने गीत और भजन प्रस्तुत किया. पूर्वी कुमारी, शिबू पंडित, दीक्षा कुमारी और नव्या ने अपने मन के उद्गार व्यक्त किया. अनुज कुमार ने अपनी पेंटिंग के माध्यम से गुरु को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
आचार्य मार्कंडेय ठाकुर ने महर्षि वेदव्यास की जीवनी और उनसे जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रेरक प्रसंग भैया बहनों के समक्ष रखें. आचार्य परमानंद सिंह ने मधुर भजन प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया. अपने उद्गार व्यक्त करते हुए उप प्रधानाचार्य शिवनाथ झा ने गुरु पूर्णिमा उत्सव को भारतीय उत्सवों में एक महत्वपूर्ण उत्सव बताते हुए कहा कि यह श्रद्धा और विश्वास का पर्व है और "बिन गुरु होही न ज्ञान " जैसी उक्ति गुरु के लिए कही गई है,हमें जितना संभव हो सके गुरु का हृदय से सम्मान करना चाहिए.
कार्यक्रम का संयोजन इंदु बाला ने तथा धन्यवाद ज्ञापन विनोद कुमार तिवारी ने किया.


.jpg)


