BREAKING NEWS

logo

बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सजग, दुम्मा में अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र और टोटो एम्बुलेंस सेवा शुरू


■ डीसी सौरभ भुवानियां और एसपी प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से किया शुभारंभ

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के मद्देनजर बाबा बैद्यनाथ की नगरी आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।

इसी कड़ी में दुम्मा बॉर्डर के समीप नवनिर्मित अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र और कांवरिया पथ के लिए 'टोटो एम्बुलेंस' सेवा का शुभारंभ बुधवार को किया गया। 

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर केंद्र का उद्घाटन किया।

डीसी सौरभ कुमार भुवानियां ने बताया कि दुम्मा बॉर्डर स्थित इस अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती 24 घंटे रहेगी। यहां श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षक दवाएं, ओआरएस घोल और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। लंबी यात्रा से थके और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को यहां तुरंत राहत मिल सकेगी।

कांवरिया पथ की भीड़ और संकरे रास्तों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष रूप से 'टोटो एम्बुलेंस' सेवा शुरू की है। यह छोटी और तीव्रगामी एम्बुलेंस किसी भी आपात स्थिति में बीमार या घायल कांवरियों को संकीर्ण मार्गों से रेस्क्यू कर नजदीकी मुख्य अस्पताल तक पहुंचाएगी।

डीसी सौरभ भुवानियां ने कहा कि श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवरिया पथ के हर आवश्यक और संवेदनशील बिंदु पर बुनियादी व स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।