BREAKING NEWS

logo

देवघर में राजकीय श्रावणी मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन, एआई और क्यूआर आधारित शिकायत निवारण से होगी निगरानी


■ 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा विश्व प्रसिद्ध मेला, इस बार वीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

बैद्यनाथधाम (देवघर) : राजकीय श्रावणी मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ बुधवार को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने संयुक्त रूप से किया। 

झारखण्ड -बिहार सीमा पर स्थित दुम्मा कांवरिया पथ पर 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा के साथ विश्व प्रसिद्ध मेले का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं और गणमान्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' ने कहा कि इस वर्ष श्रावणी मेले का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त तक किया जा रहा है। उन्होंने कांवरियों की सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा इस पावन महीने में देवघर आने वाले देवतुल्य कांवरियों की सेवा करना स्वयं भगवान शिव की सेवा करने के समान है। श्रद्धालुओं की सुगमता और सुरक्षा को सर्वाेपरि रखते हुए मंत्री महोदय ने बताया कि इस वर्ष राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने मिलकर अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। उन्होंने घोषणा की कि पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए इस बार एआई (Artificial Intelligence) आधारित सिस्टम लागू किया गया है। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जगह-जगह क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली की सुविधा सुनिश्चित की गई है, जिससे कोई भी पीड़ित तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। अपने संबोधन के अंत में नगर विकास मंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार और जिला प्रशासन के इन अभिनव प्रयासों से देवतुल्य श्रद्धालु देवघर से एक बेहद सुखद और अच्छी स्मृति लेकर अपने घर लौटेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की योजना हर साल इस ऐतिहासिक मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक आधुनिक, सुदृढ़ तथा जन-अनुकूल बनाने की है।

इसके अलावे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य तथा पंचायती राज विभाग की माननीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि मेले की तैयारियों और उसकी सफलता पर जोर देते हुए कहा कि देवघर अपने भव्य स्वरूप के साथ बाबाधाम आने वाले सभी कांवरियों के अभिनंदन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों, सेवादारों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि सभी लोग एकजुट होकर इस मेले का सफलता से आयोजन करें। आगे मंत्री ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह होना चाहिए कि यहां आने वाले सभी देवतुल्य श्रद्धालु एक सुखद और अच्छी अनुभूति प्राप्त कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष का मेला ऐतिहासिक और सफल साबित होगा। 

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक, उदय शंकर सिंह, जरमुण्डी विधायक देवेन्द्र कुंवर ने बाबा नगरी आने वाले सभी देवतुल्य श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने बेहतर इंतजाम किया है, जिससे कांवरिया सुखद अनुभव के साथ यहां से लौटेंगे यह भरोसा है। 

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस बार वीआईपी, वीवीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रहेगा। जिला प्रशासन सुलभ और सुरक्षित जलार्पण के साथ श्रद्धालुओं की हर सुख-सुविधा का ध्यान रखेगा।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए ANPR, फेस रिकग्निशन और हेडकाउंट कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए शिवलोक परिसर में भव्य प्रदर्शनी, सांस्कृतिक मंच और ड्रोन शो का भी आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुण्डी विधायक देवेन्द्र कुंवर, महापौर रवि राउत, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर आयुक्त सुलोचना मीना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। 

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने किया।

ज्ञात हो कि इस वर्ष श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलेगा।