BREAKING NEWS

logo

सावन के पहले दिन ही ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था: बिलासी में ट्रांसफार्मर फुंका, 5 घंटे अंधेरे में डूबा इलाका


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

बैद्यनाथधाम (देवघर) : सावन मास शुरू होने से पहले प्रशासन के "24 घंटे बिजली" के तमाम दावों की हवा निकल गई। श्रावणी मेले में कांवड़ियों को निर्बाध बिजली देने के वादे पहले ही दिन खोखले साबित हुए।

गुरुवार को सावन के पहले दिन ही बिलासी स्थित पुराने बैद्यनाथ टॉकीज के पास लगा बिजली ट्रांसफार्मर अचानक जल गया। ट्रांसफार्मर में आग लगते ही पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। गर्मी और उमस के बीच अचानक हुई कटौती से स्थानीय लोग परेशान हो उठे।

सूचना मिलने के बाद भी बिजली विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचने में काफी देर कर दिए। करीब 4 से 5 घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4:30 बजे नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति शुरू की गई। तब जाकर लोगों को राहत मिली।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले से पहले पोल, तार और ट्रांसफार्मर की जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई। कई जगहों पर खुले तार और जर्जर पोल आज भी खतरा बने हुए हैं। लोगों ने कहा कि अगर मेले के पहले दिन ही ये हाल है तो आगे 01 महीने क्या होगा?

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रांसफार्मर जला था जिसे तुरंत बदल दिया गया है। मेले के दौरान 24 घंटे बिजली के लिए अलग से टीम तैनात की गई ।