■ विधायक सुरेश पासवान और जिलाध्यक्ष डॉ. फणी भूषण यादव ने किया संयुक्त उद्घाटन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बैद्यनाथधाम (देवघर) : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में देवघर पहुंचने वाले शिवभक्त कांवरियों की सेवा के लिए राष्ट्रीय जनता दल ने अपना सेवा शिविर शुरू कर दिया है। पार्टी पिछले 33 वर्षों से लगातार इस सेवा शिविर का आयोजन करती आ रही है।
गुरुवार को स्थानीय टावर चौक के निकट आयोजित राजद कांवरिया सेवा शिविर का उद्घाटन विधायक एवं पूर्व मंत्री सुरेश पासवान और जिलाध्यक्ष डॉ. फणी भूषण यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के अवसर पर विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन सरकार देवघर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सम्मानजनक सेवा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है, ताकि सभी कांवरिया पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
सेवा शिविर में कांवरियों के लिए स्वास्थ्य जांच, पेयजल, विश्राम और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। राजद कार्यकर्ता पूरे मेला अवधि तक 24 घंटे श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात रहेंगे।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता भूतनाथ यादव, मुकेश प्रसाद यादव, लालमोहन मांझी, प्रमोद यादव, रामकृष्ण पासवान, नेहा सिंह, हैदर खान, नुनू झा, चक्रधर रवानी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।





