BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

हुसैनाबाद में 20 वर्षीय युवती की घर में संदिग्ध मौत, पिता और सौतेली माँ पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप,जांच में जुटी पुलिस



हुसैनाबाद ,पलामू: हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के मोहम्दाबाद गांव में बुधवार की दोपहर एक 20 वर्षीय युवती का शव उसके अपने ही घर से संदेहास्पद स्थिति में बरामद किया गया। मृतिका की पहचान रहुफ अंसारी की पुत्री अफसाना खातून (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई ।
स्थानीय लोगों की सूचना पर हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल और थाना प्रभारी चंदन कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पंचनामा किया और पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। वहीं 
मृतिका की बड़ी बहन अजमेरी खातून ने अपने पिता और सौतेली माँ पर प्रताड़ना और हत्या का सीधा आरोप लगाया है। अजमेरी खातून ने पुलिस को बताया कि परिवार में चार बहनें और एक भाई है। तीन बहनों की शादी हो चुकी है और भाई बाहर मजदूरी करता है। घर पर अफसाना अपनी सौतेली माँ और पिता के साथ रहती थी, जो उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
सौतेली मां और पिता की प्रताड़ना के बाद भाई द्वारा भेजे गए पैसों की मदद से अफसाना पिछले दो हफ्तों से घर में ही अपना खाना अलग बना रही थी।मंगलवार को  चप्पल को लेकर सौतेली माँ ने विवाद किया था, जिसकी जानकारी अफसाना ने फोन पर अजमेरी को दी थी। मंगलवार रात से ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था और बुधवार को उसकी मौत की खबर आई। अजमेरी ने आरोप लगाया कि सौतेली माँ और पिता ने मिलकर अफसाना की हत्या की और फिर कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए शव को फांसी पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए हुसैनाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पिता रहुफ अंसारी और उसकी सौतेली माँ को तत्काल हिरासत में ले लिया है और थाने लाकर गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस हर तकनीकी और जमीनी बिंदु पर छानबीन कर रही है।