उंटारी रोड प्रखंड में ‘ट्रेन के भरोसे’ चल रही व्यवस्था! दोपहर तक खाली रहती हैं कुर्सियां, परेशान हैं लाभुक
बीडीओ ने कैमरे पर दिखाई हकीकत: 12:30 बजे तक खाली थीं कुर्सियां, कर्मियों की लेटलतीफी से ठप कामकाज
मो. सफी
पलामू: जिले के उंटारी रोड प्रखंड कार्यालय में कर्मियों की समय पर उपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि प्रखंड व अंचल के अधिकांश कर्मी निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते, जिससे आम लोगों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लाभुकों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि कई कर्मी जिला मुख्यालय से ट्रेन के माध्यम से ड्यूटी करने आते हैं। ट्रेन के अनियमित संचालन का असर कार्यालय पहुंचने के समय पर पड़ता है। स्थिति यह है कि कई बार कर्मी दोपहर तक कार्यालय नहीं पहुंचते, जिससे सरकारी योजनाओं और रोजमर्रा के कार्यों के निष्पादन में देरी होती है।
सोमवार को प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण करते हुए बीडीओ श्रवण भगत ने कार्यालय के विभिन्न कमरों की स्थिति कैमरे के सामने दिखाते हुए बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे तक कई कुर्सियां खाली थीं और कुछ कमरों के दरवाजे तक नहीं खुले थे। उन्होंने कहा कि कर्मियों की अनुपस्थिति से सरकारी कार्यों के निष्पादन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
बीडीओ ने बताया कि स्टाफ की नियमित अनुपस्थिति के कारण न केवल सरकारी टास्क समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं, बल्कि रूटीन कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इसके कारण आम लोग अपनी समस्याएं लेकर लगातार उनके पास पहुंचते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्मियों के खिलाफ हाजिरी काटने जैसी कार्रवाई के बावजूद कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं आया है। कई कर्मियों के संबंध में जिला स्तर पर लिखित शिकायत भी भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय में समय पर कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होने से प्रमाण पत्र, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने वाले लाभुकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।





