हुसैनाबाद पुलिस की अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई,डेढ़ करोड़ के गांजा सहित ट्रक किया जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद: हुसैनाबाद पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ट्रक से डेढ़ करोड़ रूपए की गांजा के साथ एक चालक को गिरफ्तार किया है। रविवार को हुसैनाबाद थाना परिसर में एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को रात्रि पुलिस अधीक्षक महोदय पलामू कपिल चौधरी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक जिसका नम्बर UP -14 FT -6583 जो बिहार से जपला होते हुए छतरपुर की ओर जाने वाली है जिसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर लाया जा रहा है। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद को दिशा निर्देश देते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।सूचना मिलते ही हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।छापामारी दल ने जपला -छतरपुर मुख्य सड़क के गमहरिया के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाकर ट्रक को रुकवाया एवं उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के डाले में विशेष रूप से बनाया गया लकड़ी के गुप्त चैंबर से प्लास्टिक के 10 बोरे में छिपा कर रखा गया कुल 330 किलो गांजा बरामद कर विधिवत जब्ती सूची बनाकर गाड़ी सहित जप्त किया गया। मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर गांजा होने की पुष्टि हुई। वहीं बरामद गांजे की खुदरा बाज़ार में अनुमानित क़ीमत डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है। वहीं वाहन चालक राजेश यादव जो पलामू जिले के छत्तरपुर थाना के मदनपुर गांव का रहने वाला है को गिरफ्तार किया गया एवं इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 167/26, दिनांक 26.07.2026 , धारा 20(b)(ii)(C) /25/29 NDPS ACT के अंतर्गत कांड दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं छापेमारी दल में हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला, पुलिस निरीक्षक सह हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता, लठिया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक छत्रधारी कुमार, अनुसंधानकर्ता सह पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार दास, स्थानीय चौकीदार अमित कुमार एवं हुसैनाबाद थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।





