मेदिनीनगर: बैंक से 4 लाख रुपये निकालकर जा रही महिला से दिनदहाड़े झोला झपटकर शातिर फरार
पति के ऑपरेशन और कर्ज चुकाने के लिए बैंक से निकाले थे रुपये
तीन कोनिया गैरेज के पास हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बदमाश
शहर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
मेदिनीनगर (पलामू)
शहर थाना क्षेत्र के तीन कोनिया गैरेज के पास मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 4 लाख रुपये निकालकर घर लौट रही एक महिला के हाथ से अज्ञात युवक रुपयों से भरा झोला छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव निवासी ललिता देवी (32 वर्ष, पति भोला साव) अपने पति के कमर के ऑपरेशन के खर्चे और कुछ कर्ज चुकाने के लिए बैंक से 4 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि निकालकर घर जा रही थीं। उनके साथ उनके ससुर भी आए थे, जो घटना के वक्त बाजार में सब्जी खरीदने गए थे। महिला जब अकेली थीं, तभी पैदल आया एक अज्ञात युवक उनके हाथ से रुपयों से भरा झोला छीनकर मौके से फरार हो गया।
पत्रकार की सूझबूझ से तत्काल पहुंची पुलिस
घटना के तुरंत बाद डरी-सहमी महिला रोने लगी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक सजग पत्रकार ने महिला को रोते देख उनसे पूरी जानकारी ली और तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत शहर थाना पहुंचाया। पत्रकार ने शहर थाना प्रभारी से बात कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का विशेष आग्रह किया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए संदिग्ध, पुलिस की छापेमारी जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने तुरंत एक्शन लिया। वे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
भुक्तभोगी ललिता देवी ने बताया कि झोला छीनने वाला मुख्य आरोपी और उसका एक अन्य साथी सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। महिला ने फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान करने का भी दावा किया है।
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पुलिस को अहम सुराग मिले हैं और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की धर-पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और खोजबीन की जा रही है। पुलिस जल्द ही इस वारदात का खुलासा करने का दावा कर रही है।






