BREAKING NEWS

logo

मेदिनीनगर को मिला नया डीएसपी, राजेश यादव संभालेंगे जिम्मेदारी


पलामू: राज्य सरकार ने डीएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला किया है। इसी क्रम में राजेश यादव की पोस्टिंग पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर डीएसपी पद पर की गई है। सरकार के आदेश के अनुसार यह तबादला तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा संबंधित अधिकारियों को जल्द नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
राजेश यादव पहले मेदिनीनगर में ट्रेनी डीएसपी के रूप में कार्य कर चुके हैं और क्षेत्र की भौगोलिक व सामाजिक परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं। उनके कार्यकाल के दौरान सामाजिक पुलिसिंग, जनसंपर्क और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर उनकी अलग पहचान बनी थी।
बताया जाता है कि राजेश यादव झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की सातवीं बैच में 67वीं रैंक प्राप्त कर पुलिस सेवा में आए थे। प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और निजी क्षेत्र में कार्य करने के बावजूद पुलिस सेवा को अपना लक्ष्य बनाकर सफलता हासिल की।
राजेश यादव का कहना रहा है कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। उनका मुख्य उद्देश्य आम लोगों को न्याय दिलाना, पीड़ितों की सहायता करना और बेहतर पुलिस व्यवस्था स्थापित करना है। अब पूर्णकालिक डीएसपी के रूप में उनकी नियुक्ति से लोगों को प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद बढ़ी है।