भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में बूथ कैपचरिंग की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस पर तत्परता दिखाएं और निष्पक्ष चुनाव करने का प्रयास करें। साहू शनिवार को भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के चुनावी कार्यालय में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
आदित्य साहू ने कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में डर और बाहुबल के भरोसे चुनाव जीतने की कोशिश की जा रही है। हमारे पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री और मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर ने इसकी संभावना जताते हुए एक सप्ताह पहले ही जिले के उपायुक्त सह निर्वाचन पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन सौंपा है।
हेमंत सोरेन सरकार दलीय आधार और ईवीएम से चुनाव ना कराकर बैलेट से चुनाव करा रही है, लेकिन इसके बावजूद डरी हुई है। छह वर्ष तक कोई कार्य नहीं करने से जनता रिजेक्ट ना कर दे, इसके लिए अब बूथ कैपचर कर निकाय चुनाव जीतने की तैयारी में है। इसके लिए गुंडे एवं अपराधियों का सहारा लिया जा रहा है। प्रशासन इसमें मदद कर रहा है। पलामू सहित पूरे राज्य में अपराधियों की समानान्तर सरकार चल रही है। अपराधियों के सहारे षडयंत्र किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में बता देना चाहते हैं कि सरकारें आती हैं एवं जाती है। परमानेंट कभी नहीं रहती, ऐसे में संविधान के अनुरूप कार्य हो तो बेहतर रहेगा। जो भी पदाधिकारी थोड़ा भी चुनावी कार्य में षडयंत्र करते पाए जायेंगे, उनके खिलाफ विधानसभा में मामला उठाने के साथ साथ उन्हें लोकसभा में भी घसीटा जाएगा।
पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता अगर सड़क पर उतरेंगे तो प्रशासन को संभालना मुश्किल हो जाएगा। हम शांतिप्रिय लोग हैं। बाबा साहब के संविधान में भरोसा रखते हैं, लेकिन शासन प्रशासन उनकी परीक्षा ना ले।
मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी एवं अन्य मौजूद थे।
पलामू में बूथ कैपचरिंग की संभावना, प्रशासन निष्पक्ष चुनाव कराए: आदित्य साहू





